- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Rampur: शहर कांग्रेस कमेटी रामपुर के कूंचा काजी स्थित पार्टी कार्यालय पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक एवं “मिसाइल मैन” के नाम से विख्यात डॉ. ए.पी.जे.अब्दुल कलाम की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बाकर अली खां ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने अपने ज्ञान, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के बल पर पूरे विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया। उन्होंने कहा कि डॉ.कलाम का जीवन इस बात का प्रमाण है कि साधारण परिवार से निकलकर भी कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर सर्वोच्च उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे डॉ. कलाम के सपनों के भारत के निर्माण में शिक्षा, विज्ञान, नवाचार और नैतिक मूल्यों को अपनाकर अपनी भूमिका निभाएं।
उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अरसलान अली खां ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम केवल महान वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उनका मानना था कि देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। आज आवश्यकता इस बात की है कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन हमें बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी देश के युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित तारिक हसन, विपिन रस्तोगी, संजय, जहांगीर अली खां, फरीद खां, राम गोपाल कटारिया, सलीम अहमद, भूरा भाई, हरि सिंह, फईम खां आदि सभी कांग्रेसजनों ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
