रामपुर: सुब्रतो कप फुटबॉल (अंडर-15) में कंपोजिट स्कूल घाटमपुर की टीम विजेता
8 जुलाई को मंडल स्तर पर करेगी प्रतिभाग
रामपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा गुरुवार को महात्मा गांधी स्टेडियम, रामपुर में आयोजित सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता (अंडर-15) में सैदनगर ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल घाटमपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। टीम अब आगामी 8 जुलाई को मंडल स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में रामपुर का प्रतिनिधित्व करेगी।
टीम की इस उपलब्धि पर विद्यालय एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जिला व्यायाम शिक्षक सलीम मियां, जिला व्यायाम शिक्षिका अनीसा लतीफ, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक वीर सिंह, प्रधानाध्यापक नाजिम अली, चिरंजीव गुड्डू, अमरपाल सिंह, मुजाहिद खान, मलखान सिंह और नसरीन बी ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस प्रतियोगिता में छात्रों की मेहनत, अनुशासन और टीम वर्क की झलक साफ देखने को मिली। सभी अधिकारियों और शिक्षकों ने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की और मंडल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की आशा जताई।
