रामपुर में दो बड़ी घटनाएं: निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिला, 3 किलो अफीम के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

Rampur: जनपद रामपुर में अलग-अलग घटनाओं में पुलिस को दो महत्वपूर्ण मामलों का सामना करना पड़ा। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के साईं विहार में एक निर्माणाधीन मकान में युवक का शव बांस के डंडे पर लटका हुआ मिला। वहीं, थाना भोट पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 3 किलो अफीम के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

  • साईं विहार में निर्माणाधीन मकान में मिला युवक का शव

रामपुर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित साईं विहार में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निर्माणाधीन मकान में युवक का शव लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान संभल निवासी यश कौशिक के रूप में बताई गई है।

जानकारी मिलने पर थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल मामले में पुलिस को कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक जांच-पड़ताल कर रही है।

  • 3 किलो अफीम के साथ छह आरोपी गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में थाना भोट पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 किलो अफीम बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अफीम कहां से खरीदते थे और इसे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.