रामपुर: थाना कोतवाली में 28 जब्त वाहन हुए नीलाम, ‘ऑपरेशन वाहन क्लीन’ के तहत बड़ी कार्रवाई
थाना परिसर से हटे लावारिस वाहन, मिली ₹2.10 लाख की राजस्व प्राप्ति
रामपुर। जनपद के थाना कोतवाली में आज विभिन्न अभियोगों और एमवी एक्ट के अंतर्गत जब्त किए गए कुल 28 वाहनों की नीलामी की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन वाहन क्लीन” अभियान के अंतर्गत की गई।
थानों में जब्त वाहनों से अटे थे परिसर, SP ने दिए थे निस्तारण के निर्देश
पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के थानों के निरीक्षण में यह पाया गया कि अधिकांश थानों में लावारिस और मुकदमाती वाहनों का अंबार लगा है, जिससे थाना परिसर में जगह की भारी कमी हो रही थी। इसी के मद्देनज़र न्यायालय से आदेश प्राप्त कर लावारिस एवं मुकदमाती वाहनों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई।
नीलामी में उमड़ी भीड़, 2.10 लाख में बिके वाहन
थाना कोतवाली, रामपुर में आयोजित नीलामी में दूर-दूर से बोलीदाता पहुंचे। कुल 28 वाहन— जिनमें 1 कार, 25 मोटरसाइकिल और 2 टेंपो शामिल थे— की नीलामी ₹2,10,000 में की गई। यह कार्यवाही नीलामी कमेटी की निगरानी में पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुई।
अब तक कुल 95 वाहनों की नीलामी, ₹15.70 लाख पहुंचे राजकोष में
इस अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 95 वाहन नीलाम किए जा चुके हैं, जिससे राज्य सरकार को ₹15,70,000 की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। यह पहल न सिर्फ थानों में स्थान खाली कराने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि राजस्व बढ़ाने का जरिया भी बन रही है।
‘ऑपरेशन वाहन क्लीन’ से थाना परिसर हो रहा खाली, मिल रही सराहना
‘ऑपरेशन वाहन क्लीन’ के अंतर्गत यह पहल न सिर्फ थाना परिसर की सफाई में सहायक है, बल्कि इससे कानूनी प्रक्रिया के प्रति आमजन का विश्वास भी बढ़ रहा है। स्थानीय जनता व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा इस अभियान की भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।
