रामपुर: सघन चेकिंग अभियान में 03 ओवरलोड वाहन सीज, 17 के विरुद्ध चालान की कार्यवाही

एआरटीओ ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगाया 2.68 लाख का जुर्माना

जिलाधिकारी जोगिन्दर सिंह के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्यवाही लगातार जारी है, इसके लिए जनपद में गठित सभी चेकिंग टीमें लगातार सक्रिय हैं और चिन्हित स्थलों पर मौजूद रहकर चेकिंग अभियान को प्रभावी बना रही हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बीती रात वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव और खनन अधिकारी राजीव रंजन ने मसवासी, टांडा, दढ़ियाल, मानपुर तिराहा और स्वार क्षेत्र में पहुंचकर चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान उन्होंने 96 बड़े वाहनों की सघन चेकिंग की जिसमें 17 भार वाहनों का मोटर ह्वीकल एक्ट में चालान किया और 03 भार वाहनों के विरुद्ध सीज करने की कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि 17 वाहनों में रिफ्लेक्टर न लगा होना, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न लगा होना और टैक्स न जमा करने वाले वाहन शामिल हैं वहीं 03 वाहन ओवरलोड पाए गए थे, जिन्हे सीज कर दिया गया है।
मोटर ह्वीकल एक्ट का पालन न करने वाले इन वाहनों के विरुद्ध 2.68 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
इससे पूर्व उन्होंने रामपुर शहर में 02 रोडवेज बसों पर रिफ्लेक्टर न लगे होने के कारण चालान की कार्यवाही की।
पीटीओ द्वारा भी चेकिंग अभियान के दौरान 17 वाहनों का चालान किया गया।
वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि अवैध खनन और अवैध परिवहन की गतिविधियों पर प्रशासनिक स्तर से लगातार कार्यवाही जारी है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.