लखनऊ: रक्षाबंधन पर बहनों की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए योगी सरकार ने विशेष परिवहन व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने 26 से 31 अगस्त तक प्रदेश में अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज की अधिकतम बसें ऑनरोड रखने पर जोर दिया गया है।
त्योहार पर बढ़ेगा बसों का संचालन
पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर यात्रियों की अधिक आवाजाही को देखते हुए इस रूट पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। लखनऊ, कानपुर समेत अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए भी मांग के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
बस अड्डों पर सुविधाओं का रहेगा ध्यान
बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों को बसों की जानकारी देने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी संचालित किया जाएगा। भीड़ वाले बस अड्डों पर पर्यवेक्षकों और अधिकारियों की तैनाती रहेगी।
दिल्ली से पूर्वांचल की यात्रा
परिवहन निगम के एमडी प्रभु एन. सिंह ने क्षेत्रीय अधिकारियों को जरूरत के अनुसार बस संचालन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली और अलीगढ़-कानपुर होते हुए पूर्वी यूपी की ओर जाने वाली बस सेवाओं में मांग के अनुसार विस्तार किया जाएगा।
रोडवेज कर्मियों को प्रोत्साहन राशि
रक्षाबंधन के दौरान बेहतर सेवा देने वाले कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है। निर्धारित शर्तों के तहत छह दिनों में 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले पात्र चालक-परिचालकों को 1200 रुपये दिए जाएंगे। संविदा कर्मियों को अतिरिक्त संचालन पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर की अतिरिक्त राशि मिलेगी।
वहीं, छह दिनों तक ड्यूटी करने वाले पात्र तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन दिया जाएगा। चिन्हित बस स्टेशनों पर बेहतर व्यवस्था बनाए रखने वाले कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों के प्रोत्साहन के लिए भी 90 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
