- रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार
नोएडा।गौतम बुद्ध नगर यूनिवर्सिटी, नोएडा में 24 से 26 दिसंबर तक आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का प्रांत अधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष द्वारा रजत को प्रदेश सहसंयोजक के दायित्व की घोषणा की गई। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है, क्योंकि अब तक मोदीनगर से कोई भी कार्यकर्ता विद्यार्थी परिषद की प्रदेश टीम में कार्यकारिणी सदस्य से ऊपर के दायित्व तक नहीं पहुँच सका था।
नवनियुक्त प्रदेश सहसंयोजक रजत मोदीनगर के बिसखोर गांव के निवासी हैं। उनके पिता का अपना व्यवसाय है। रजत खटीक समाज से आते हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में विद्यार्थी परिषद की सदस्यता लेकर छात्र राजनीति में कदम रखा। इसके बाद संगठन में निरंतर सक्रिय रहते हुए उन्हें नगर सहमंत्री, जिला संयोजक कला मंच, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और जिला संयोजक जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए।
जब रजत को जिला संयोजक, गाजियाबाद बनाए जाने की प्रक्रिया चल रही थी, उस समय जिला समिति की ओर से प्रदेश टीम को दो नाम भेजे गए थे। इनमें रजत के साथ लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर के छोटे पुत्र नागेश गुर्जर का नाम भी शामिल था, लेकिन प्रदेश टीम ने रजत पर विश्वास जताते हुए उन्हें यह दायित्व सौंपा।
रजत ने मुल्तानी मल डिग्री कॉलेज में हुए अनिश्चितकालीन धरने के दौरान व्यवस्था संयोजक के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।
इसी अधिवेशन में पूर्व में महानगर उपाध्यक्ष, जिला प्रमुख और विभाग प्रमुख जैसे दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके डॉ. अमर सिंह कश्यप (असिस्टेंट प्रोफेसर, बॉटनी विभाग, एम.एम. डिग्री कॉलेज) को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से विद्यार्थी परिषद के कार्य को गति देने वाले हिमांशु नागर (किल्हौड़ा) को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अधिवेशन में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सभी नवनियुक्त दायित्वधारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की उम्मीद जताई।
