ऐलनाबाद, 4 फरवरी (एम. पी. भार्गव)।निमोद गांव के प्रतिभाशाली बालक राघव शर्मा ने अयोध्या में विराजमान भगवान श्री रामलल्ला की एक अद्भुत और मनमोहक तस्वीर बनाकर पूरे क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया है। राघव की इस कलाकृति में भगवान श्री राम के प्रति उसकी गहरी आस्था और श्रद्धा स्पष्ट रूप से झलकती है।
बताया गया कि जब एक शाम परिवार के सभी सदस्य घर पर एक साथ बैठे थे, तभी राघव शर्मा अपने दादा राम अवतार शर्मा जी के पास आया और बोला कि वह कुछ दिखाना चाहता है। इसके बाद उसने सभी से आंखें बंद करने को कहा और निर्देश दिया कि उसके कहने पर ही आंखें खोलें। दादा के कहने पर परिवार के सभी सदस्य आंखें बंद कर बैठे रहे। उसी दौरान राघव भगवान श्री रामलल्ला की बनाई तस्वीर लेकर सामने खड़ा हो गया।
जैसे ही सभी ने एक साथ आंखें खोलीं, बच्चे की बनाई श्री रामलल्ला की तस्वीर देखकर पूरा परिवार भाव-विभोर हो गया। बच्चे की भगवान श्री राम के प्रति आस्था देखकर सभी अत्यंत प्रसन्न हुए और “जय श्री राम” के जयकारे लगाए। इस अवसर पर राघव के ताऊ जी महेश शर्मा, एईएन विद्युत विभाग, ने उसका उत्साहवर्धन करते हुए 1100 रुपये का पुरस्कार देकर उसे आशीर्वाद दिया।
दादा-दादी, ताऊ-ताई, चाचा-चाची तथा माता-पिता सभी श्री राम के चित्र से बेहद प्रभावित हुए और राघव को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। इस मौके पर राम अवतार शर्मा, महेश शर्मा, जुगल शर्मा और सुनील शर्मा सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने भी बच्चे की मुक्त कंठ से सराहना की।
इस संबंध में जानकारी देते हुए धर्मेंद्र भार्गव, अध्यक्ष अखिल भारतीय भृगुवंशी भार्गव समाज, धर्मशाला पुष्कर (राजस्थान) ने बताया कि आज के दौर में जहां अधिकांश बच्चे मोबाइल तक सीमित हैं, वहीं राघव शर्मा का सनातन धर्म के प्रति लगाव प्रेरणादायक है। उन्होंने बच्चे को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐसे संस्कार ही समाज को दिशा देते हैं।
जब राघव से पूछा गया कि उसके मन में यह विचार कैसे आया, तो उसने बताया कि निमोद में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन के दौरान भगवान श्री राम की तस्वीर उसके मन में बस गई। इसके बाद उसने अपने चाचा सुनील शर्मा से कागज और पेंसिल मंगवाकर अभ्यास शुरू किया। वह स्कूल से लौटने के बाद, सभी के सो जाने पर, श्री राम के चित्र को देखकर उसे बनाता रहा और अंततः यह सुंदर चित्र तैयार हुआ।
बताया गया कि अब दूर-दराज से लोग इस चित्र को देखने आ रहे हैं और श्रद्धापूर्वक नतमस्तक हो रहे हैं। इस खूबसूरत श्री राम के चित्र को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मंदिर में सुसज्जित किया गया है।
khabre junction
