- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्ज़ापुर (पटेहरा कला)। विकास खंड परिसर, पटेहरा कला में रबी कृषि निवेश मेला भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मड़िहान विधानसभा के विधायक श्री रमाशंकर पटेल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के उपरांत विधायक ने कृषि विभाग द्वारा लगाई गई विभिन्न तकनीकी एवं आधुनिक कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कृषकों को संबोधित करते हुए विधायक रमाशंकर पटेल ने कहा कि यह कृषि निवेश मेला किसानों की आमदनी बढ़ाने और नई तकनीक की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती की लागत घटाने के लिए कई नीतिगत फैसले ले रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि ₹6000 की वार्षिक आर्थिक सहायता सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे उन्हें खेती की छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए कर्ज लेने की आवश्यकता न पड़े।
कृषि विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी
उप कृषि निदेशक, मीरजापुर श्री विकेश कुमार ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को नई तकनीक से जोड़ने के लिए 12 दिसंबर से 29 दिसंबर 2025 तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में किसान पाठशाला का आयोजन किया जा रहा है।
कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष प्रो. श्रीराम सिंह ने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों—जैसे जीवामृत, बीजामृत, ब्रह्मास्त्र, नीमास्त्र और घनजीवामृत—को बनाने और उपयोग करने के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी।
मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर चिंता
भारतीय भू उपयोगिता एवं सर्वेक्षण, नई दिल्ली के वैज्ञानिक डा. एस.एन. सिंह ने कहा कि अत्यधिक रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति तेजी से घट रही है और इसका दुष्प्रभाव मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। उन्होंने तिलहन व दलहन फसलों में जिप्सम के उपयोग से रोगों में कमी और तेल प्रतिशत में बढ़ोतरी की जानकारी भी दी।
श्रीअन्न (मिलेट्स) के महत्व पर जोर
व0प्रा0सहा0 ग्रुप–बी के डा. पंकज कुमार मिश्रा ने ज्वार, बाजरा, कोदो, सांवा, रागी जैसी श्रीअन्न फसलों के पोषण एवं आर्थिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इनसे तैयार उत्पाद किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में किसानों के बीच प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें विजेता किसानों को नैनो यूरिया निःशुल्क वितरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संतोष कुशवाहा (व0प्रा0सहा0 ग्रुप–बी) ने किया।
इस अवसर पर उप निदेशक कृषि रक्षा श्री दीपक चौधरी, श्रीमती साक्षी सिंह (एसएमएस), अंकित सिंह (स0वि0अ0 कृषि), तथा कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
