थाना बदोसराय में तैनात प्रमोटी उप निरीक्षक (दरोगा) सुरेश 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार

  • रिपोर्ट: कपिल सिंह

बाराबंकी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने थाना बदोसराय में तैनात प्रमोटी उप निरीक्षक (दरोगा) सुरेश को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस दौरान रिश्वत का सौदा कराने वाले खुर्शीद नामक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है।

एंटी करप्शन टीम के अनुसार, दरोगा सुरेश एक मुकदमे में नाम बढ़ाने के बदले वादी से 25 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। पीड़ित की शिकायत पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और तय स्थान पर कार्रवाई कर दोनों को पकड़ लिया।

जानकारी के मुताबिक, दरोगा सुरेश संबंधित मुकदमे के शपथ पत्र के लिए हाईकोर्ट जाने की बात कहकर थाना बदोसराय से निकला था। लेकिन उससे पहले ही एंटी करप्शन टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ धर दबोचा। जांच में सामने आया है कि खुर्शीद नामक व्यक्ति रिश्वत की रकम के लेनदेन में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एंटी करप्शन टीम की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सफदरगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे विधिक कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.