प्रधानमंत्री मोदी ने वादा किया था कि 2029 से पहले यमुना जी को स्वच्छ करने का काम पूरा कर देंगे- अमित शाह

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर 2025। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री   अमित शाह ने आज नई दिल्ली में दिल्ली सरकार की लगभग ₹1816 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान   शाह ने दिल्लीवासियों को दीपावली और छठ पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में   शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 24 वर्षों से देश की सेवा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करते हुए सुशासन को जमीन पर उतारने का कार्य किया है।

शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को सुरक्षित बनाने, अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और 2047 तक भारत को विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि आज जब “सेवा पखवाड़ा” का समापन हो रहा है, तब दिल्ली में ₹1800 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 8 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है।

उन्होंने बताया कि इनमें से लगभग 80 प्रतिशत परियोजनाएँ मां यमुना की शुद्धता से जुड़ी हैं।   शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का वादा है कि 2029 से पहले यमुना को स्वच्छ किया जाएगा। यह केवल राजनीतिक लक्ष्य नहीं, बल्कि जनमानस में यमुना जी के प्रति आदर का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “पिछली सरकार ने कहा था कि वे यमुना को साफ कर उसमें डुबकी लगाएंगे, लेकिन उन्होंने डुबकी नहीं लगाई, दिल्ली वालों ने उन्हें डुबो दिया।”

गृह मंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली में पहले के शासनकाल में विकास ठप पड़ा था, लेकिन अब केन्द्र और दिल्ली सरकार मिलकर राजधानी को विश्वस्तरीय बनाने के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में 395 वस्तुओं की GST दरें घटाकर जनता को राहत दी और 12 लाख रुपये तक की आय पर शून्य आयकर की सुविधा दी है, जिससे देश की जनता को लगभग ढाई लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है।

कूड़े के पहाड़ों का जिक्र करते हुए  शाह ने कहा कि पिछली सरकार के समय दिल्ली में 65 मीटर ऊँचे कूड़े के ढेर थे, लेकिन 1 जनवरी 2028 तक दिल्ली इन पहाड़ों से मुक्त होकर स्वच्छ और सुंदर शहर बनेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने केन्द्र की योजनाओं को रोक रखा था, जिससे दिल्ली की जनता को लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने बताया कि अब दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू कर दी गई है और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धि यह है कि उस पर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है, जबकि पिछली सरकारें घोटालों में डूबी रहीं।

कार्यक्रम के अंत में  अमित शाह ने कहा कि यह सरकार जनता के प्रति जवाबदेह, पारदर्शी और विकासोन्मुख है, जो 2047 के ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में निरंतर अग्रसर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.