विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, 5660 मतदान पदाधिकारी अब तक प्रशिक्षित, EVM पर कराया गया व्यावहारिक अभ्यास
- रिपोर्ट: सरफराज आलम
लखीसराय। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर लखीसराय जिला प्रशासन पूरी सक्रियता से जुटा हुआ है। मतदान प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से पॉलीटेक्निक कॉलेज लखीसराय में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत छठे दिन कुल 960 द्वितीय मतदान पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान दिवस पर ड्यूटी में तैनात कर्मियों को उनके दायित्वों की डेमो के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी दी गई। स्पष्ट समझ सुनिश्चित करने के लिए कई विषयों की PPT प्रस्तुति भी की गई। प्रत्येक 40 प्रशिक्षुओं पर 3 प्रशिक्षकों की तैनाती की गई थी, ताकि प्रशिक्षण प्रक्रिया गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी हो सके।
मतदान प्रक्रिया में सटीकता लाने के उद्देश्य से प्रत्येक प्रशिक्षण कक्ष में एक-एक EVM सेट उपलब्ध कराया गया, और प्रत्येक प्रशिक्षु से 100 वोट कास्ट करवाए गए। इस अभ्यास का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मतदान केंद्र पर किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रिया संबंधी त्रुटि न हो।
प्रशिक्षण के अंत में प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रशिक्षुओं के सवालों का समाधान किया गया, जिससे उनकी समझ और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि हुई। जिला शिक्षा पदाधिकारी सह प्रशिक्षण नोडल अधिकारी यदुवंश राम के नेतृत्व में संचालित इस व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम में अब तक 1920 पीठासीन पदाधिकारी, 2300 प्रथम मतदान पदाधिकारी, तथा 1440 द्वितीय मतदान पदाधिकारी को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
इस प्रकार अब तक कुल 5660 मतदान पदाधिकारियों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा चुका है। शनिवार को चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण कक्षों का दौरा कर प्रशिक्षुओं से सीधा संवाद किया और उनके उठाए गए प्रश्नों का समाधान किया।
श्री सुमित कुमार ने कर्मियों को निर्वाचन कार्य के प्रति जिम्मेदारी और पारदर्शिता से कार्य करने की प्रेरणा दी तथा कहा कि “प्रत्येक प्रशिक्षु लोकतंत्र के इस महापर्व का महत्वपूर्ण सहभागी है।”
उन्होंने प्रशिक्षण टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह का व्यावहारिक और सहभागी प्रशिक्षण न केवल कर्मियों की दक्षता बढ़ाता है, बल्कि मतदान दिवस पर त्रुटिरहित प्रक्रिया सुनिश्चित करता है।
