प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2025 : दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाले 2 शातिर अभियुक्त मिर्जापुर में गिरफ्तार

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश में आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) में नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित कराने के लिए मीरजापुर पुलिस ने सख्त प्रबंध किए। इसी दौरान पुलिस ने दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाले दो शातिर अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता पाई।

मामला 1 : भाई के स्थान पर परीक्षा देने वाला गिरफ्तार

थाना कोतवाली कटरा क्षेत्र के सुन्दर मुन्दर जानपद बालिका इंटर कॉलेज, कटरा बाजीराव में प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी सर्वेश (अनुक्रमांक 11577642) की बायोमैट्रिक मिलान बार-बार फेल हो रही थी।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सर्वेश की जगह उसका भाई राजेश कुमार वर्मा, निवासी प्रतापगढ़ परीक्षा दे रहा था। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। राजेश कुमार वर्मा वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, लालगंज, प्रतापगढ़ में सहायक शोध अधिकारी (ARO) पद पर कार्यरत है।

मामला 2 : दोस्त के स्थान पर परीक्षा देने वाला पकड़ा गया

थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज, मीरजापुर में भी प्रथम पाली के दौरान अभ्यर्थी राहुल प्रजापति (अनुक्रमांक 11317121) की बायोमैट्रिक बार-बार फेल हो रही थी।
बाद में पता चला कि राहुल की जगह उसका दोस्त अखण्ड प्रताप सिंह, निवासी प्रयागराज, फर्जी आधार पहचान के सहारे परीक्षा दे रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

दोनों मामलों में 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस और धारा 3/9, यूपी सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1998 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.