प्राण वायु देवता पेंशन स्कीम: सिरसा में 173 नए पेड़ों की पहचान, देखभाल के लिए मिलेंगे सालाना ₹3000

75 वर्ष से अधिक आयु वाले पेड़ों को मिलेगा संरक्षण और वार्षिक पेंशन

रिपोर्ट:एम. पी. भार्गव

ऐलनाबाद, सिरसा: हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘प्राण वायु देवता पेंशन स्कीम’ के तहत सिरसा जिले में 173 नए पेड़ों की पहचान की गई है, जिन्हें सभी मानकों पर खरा पाया गया है। इन पेड़ों की आयु 75 वर्ष से अधिक है और इनकी देखभाल के लिए अब ₹3000 प्रति वर्ष दिए जाएंगे।

वन विभाग की जिला स्तरीय कमेटी ने की पहचान
जिला वन मंडल अधिकारी सतीश कुमार ने जानकारी दी कि पहले ₹2750 प्रतिवर्ष प्रति पेड़ दिए जा रहे थे, लेकिन अब यह राशि बढ़ाकर ₹3000 कर दी गई है।
यदि पेड़ किसी सरकारी विभाग की भूमि पर स्थित है तो उस पर पेंशन लागू नहीं होगी, लेकिन निजी या पंचायती जमीन पर लगे पेड़ों को इस योजना का लाभ मिलेगा।

286 पुराने पेड़ पहले ही हो चुके हैं चिन्हित
इससे पहले वन विभाग द्वारा किए गए सर्वेक्षण में 286 पेड़ों की पहचान की गई थी। हाल ही में हुए नए सर्वे में अतिरिक्त 173 पेड़ चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें योजना के तहत शामिल किया गया है।

सूचना उपलब्ध, आपत्ति दर्ज करवाने की सुविधा भी
सभी चिन्हित पेड़ों की जानकारी खंड पंचायत कार्यालय, वन राजिक कार्यालय (सिरसा, ऐलनाबाद, डबवाली, रानियां, कालांवाली) और जिला स्तर पर उपलब्ध है।
यदि किसी व्यक्ति को सूची में शामिल पेड़ों को लेकर कोई आपत्ति है तो वह इसे वन विभाग के पास दर्ज करवा सकता है।

हर व्यक्ति लगाए हर साल कम से कम एक पेड़: सतीश कुमार
जिला वन अधिकारी सतीश कुमार ने आमजन से अपील की कि वे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और उनकी देखभाल करें।
उन्होंने कहा, “प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में जरूरी है कि हर नागरिक जागरूक होकर पौधारोपण करे और उसकी जिम्मेदारी भी निभाए।”

हरियाणा सरकार की यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त कदम है, जो न केवल पुराने पेड़ों की देखभाल सुनिश्चित करती है, बल्कि आमजन को हरियाली और स्वच्छ वातावरण की ओर प्रेरित भी करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.