रामपुर के बिलासपुर में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी यूपी और उत्तराखंड में लूट व छिनैती की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चंदेन मार्ग स्थित मनिहारखेड़ा मोड़ पर घेराबंदी की थी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जसपाल सिंह उर्फ जस्सा और मनदीप सिंह के पैरों में गोली लगी। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में हर्षदीप, अमृत सिंह उर्फ गज्जू और जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, सात जिंदा कारतूस, तीन अवैध चाकू, दो बाइकें, चार मोबाइल फोन और 15,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि 6 मई को दिबदिबा क्षेत्र में हुई 45 हजार रुपये की लूट की वारदात में भी यही गिरोह शामिल था। इस मामले में दिबदिबा निवासी दलजीत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान चौकी प्रभारी योगेश कुमार को आरोपियों के नाम पता चले, जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है।
