सिरसा में गोयल मेडिकल स्टोर पर पुलिस व ड्रग कंट्रोलर की संयुक्त छापेमारी, 22,960 टपेंडाडॉल गोलियां बरामद, मेडिकल स्टोर सील

ऐलनाबाद/सिरसा, 10 मार्च (एम.पी. भार्गव): जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में ड्रग्स इंस्पेक्टर रूबी शर्मा और सीआईए सिरसा की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नागरिक अस्पताल सिरसा के नजदीक स्थित गोयल मेडिकल हॉल पर छापेमारी कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि सीआईए सिरसा और ड्रग कंट्रोलर विभाग की टीम ने डिकॉय कस्टमर बनाकर मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाइयां खरीदने के लिए भेजा था। जैसे ही डिकॉय कस्टमर ने मेडिकल स्टोर संचालक से नशीली दवाइयों की मांग की, तो उसने तुरंत दवाइयां निकालकर दे दीं।

इसके बाद पुलिस और ड्रग कंट्रोलर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मेडिकल स्टोर संचालक को नशीली दवाइयों सहित काबू कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक अभिषेक पुत्र सुरेश कुमार निवासी सी ब्लॉक सिरसा को हिरासत में लेकर मेडिकल स्टोर की तलाशी ली गई, जिसमें लाखों रुपये कीमत की 22,960 टपेंडाडॉल गोलियां बरामद हुईं।

एसपी दीपक सहारन ने बताया कि संदिग्ध नशीली दवाइयां मिलने पर मेडिकल स्टोर संचालक से दवाइयों की खरीद-बिक्री के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों ने कड़ा संज्ञान लेते हुए गोयल मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।

जानकारी के अनुसार पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि कुछ युवा उक्त मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदकर नशे के रूप में उनका इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने सभी थाना व यूनिट प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में खुफिया तंत्र को मजबूत कर मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।

उन्होंने कहा कि यदि किसी मेडिकल स्टोर संचालक की नशे के कारोबार में संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई मेडिकल स्टोर किसी अन्य व्यक्ति के रजिस्ट्रेशन पर चलाया जा रहा है तो उसका रजिस्ट्रेशन रद्द कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

गिरफ्तार किए गए आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए ड्रग कंट्रोलर विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.