लखीसराय के टाली बिशनपुर और टालिकोड़ासी में पहुंचा नल का जल, ग्रामीणों में खुशी,डीएम ने किया निरीक्षण

लखीसराय(सरफराज आलम)भीषण गर्मी और पेयजल संकट से जूझ रहे सूर्यगढ़ा प्रखंड के अनुसूचित जनजाति बहुल गांव टाली बिशनपुर एवं टालिकोड़ासी में अब लोगों को राहत मिलने लगी है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, उप विकास आयुक्त एवं अपर समाहर्ता ने गांव पहुंचकर “हर घर नल जल योजना” के तहत पीएचईडी द्वारा कराए गए बोरिंग कार्य एवं पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया।

बताया गया कि 2 मई 2026 को जनगणना कार्य के शुभारंभ के दौरान जिला पदाधिकारी ने इन गांवों का दौरा किया था। उस समय ग्रामीणों ने पेयजल संकट की गंभीर समस्या से अवगत कराया था। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए डीएम ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को 30 मई से पहले हर हाल में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।

डीएम के निर्देश पर पीएचईडी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में बोरिंग कर नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि अब उन्हें पानी की समस्या से काफी राहत मिली है। गांव में जिला प्रशासन के इस कार्य को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

जिला पदाधिकारी के गांव पहुंचने पर महिलाओं और बच्चों ने खुशी जाहिर की। इस दौरान गांव की बच्चियों फूल कुमारी और ममता कुमारी ने संथाली भाषा में स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। डीएम ने करीब डेढ़ घंटे तक गांव में रहकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा सहयोग शिविर में भाग लेने की अपील की।

ग्रामीण महिलाओं ने पेयजल समस्या के समाधान के लिए जिला पदाधिकारी के प्रति आभार जताया। वहीं डीएम ने बच्चों के बीच चॉकलेट वितरित करते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण सहित अन्य छोटी-छोटी समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर जिला पदाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई कर समाधान का आश्वासन दिया।

इसी क्रम में जिला पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने कजरा स्थित सोलर पावर प्लांट का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.