फर्जी रिपोर्ट का सहारा लेकर पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने की वायुसेना की प्रशंसा, ब्रिटिश अखबार ‘द डेली टेलीग्राफ’ का नाम घसीटा

इस्लामाबाद, 16 मई। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। उन्होंने सीनेट में भाषण के दौरान अपनी वायुसेना की तारीफ करते हुए ब्रिटेन के प्रसिद्ध समाचार पत्र ‘द डेली टेलीग्राफ’ के हवाले से एक ‘फर्जी’ रिपोर्ट का उल्लेख कर डाला। उन्होंने सांसदों से कहा कि “द डेली टेलीग्राफ” ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि ‘पाकिस्तानी वायुसेना आसमान की निर्विवाद राजा है’।

हालांकि, इस दावे की तथ्य-जांच डॉन अखबार ने की और इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया। डॉन के मुताबिक, सोशल मीडिया पर 10 मई, 2025 से एक स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है जिसमें कथित तौर पर ‘द डेली टेलीग्राफ’ के फ्रंट पेज पर यह बात प्रकाशित होने का दावा किया गया है।

डॉन की जांच में पाया गया कि ब्रिटिश अखबार द्वारा ऐसा कोई लेख प्रकाशित नहीं किया गया था और सोशल मीडिया पर चल रही तस्वीर पूरी तरह से एडिटेड और भ्रामक है। यह फर्जी खबर पहले बैरिस्टर खदीजा सिद्दीकी ने 10 मई को सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी, जिसे अब तक 66,000 से अधिक बार देखा जा चुका है।

इतना ही नहीं, 11 मई को प्रधानमंत्री कार्यालय (खैबर पख्तूनख्वा) के सूचना समन्वयक इख्तियार वली खान ने भी इस फर्जी तस्वीर को अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से साझा कर दिया, जिससे यह और तेजी से वायरल हो गई।

इस प्रकरण ने पाकिस्तान सरकार की जानकारी की सत्यता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की फर्जी रिपोर्ट को संसद में प्रस्तुत करना न केवल जनता को गुमराह करने वाला है, बल्कि देश की साख पर भी असर डालता है।

अब देखना यह है कि इस भ्रामक जानकारी को लेकर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय और सरकार क्या स्पष्टीकरण देती है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.