Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के विश्वविख्यात पर्यटन स्थल पहल्गाम में मंगलवार, 22 अप्रैल 2025 को एक भयावह आतंकी हमला हुआ, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई, जिनमें पर्यटक, एक नेवी अधिकारी और एक इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी शामिल हैं। हमले में करीब 6 लोग घायल हुए हैं, और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह हमला उस समय हुआ जब सैलानी प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे थे। अचानक आतंकियों ने धावा बोलते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
हमले की जगह और तरीका
यह आतंकी हमला बैसरन घाटी में हुआ, जो पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय स्थल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन से चार आतंकी सेना और पुलिस की वर्दी में थे और उनके पास एके-47 जैसे घातक हथियार थे। आतंकियों ने पर्यटकों के नाम और धर्म पूछकर निशाना बनाया और फिर गोलियां बरसाईं।
एक चश्मदीद के मुताबिक, आतंकियों ने गैर-मुस्लिम पर्यटकों को विशेष रूप से निशाना बनाया। हमले में दो विदेशी नागरिक और एक स्थानीय व्यक्ति की भी मौत हुई है। करीब 50 से ज्यादा राउंड फायरिंग की गई।
रिटायर्ड कैप्टन अनिल गौर का बयान
इस हमले को लेकर जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञ रिटायर्ड कैप्टन अनिल गौर का बयान भी सामने आया है। उन्होंने इसे “पाकिस्तान प्रायोजित कायराना हमला” करार दिया।
उन्होंने कहा, “हमें पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर के हालिया बयान को गंभीरता से लेना चाहिए था।”
जनरल मुनीर ने 16 अप्रैल 2025 को इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम में कहा था –
“हम कश्मीर को नहीं भूलेंगे, और अपने कश्मीरी भाइयों को संघर्ष में अकेला नहीं छोड़ेंगे।”
अनिल गौर ने कहा कि यह बयान संयोग नहीं था, बल्कि एक चेतावनी थी, जिसे अनदेखा करना बड़ी चूक साबित हुआ।
केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया
हमले की खबर मिलते ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली में एक आपात बैठक बुलाई और तत्काळ श्रीनगर के लिए रवाना हो गए।
श्रीनगर पहुंचकर उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
शाह ने घायलों से मिलने और हालात का जायजा लेने की भी योजना बनाई है।
पूरे देश में गुस्सा और शोक
इस अमानवीय हमले के बाद पूरे देश में गुस्से और शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। विपक्षी दलों ने भी सरकार से इस हमले की सुरक्षा चूक पर सवाल पूछे हैं।
पहल्गाम की शांत वादियों में हुए इस हमले ने देश को एक बार फिर आतंक के खतरे की याद दिला दी है। अब पूरा देश जवाब चाहता है — आखिर कब तक?
महाराष्ट्र के 6 पर्यटकों की मौत
हमले में मारे गए लोगों में महाराष्ट्र के छह पर्यटक भी शामिल हैं। इनमें से तीन डोंबिवली, एक पनवेल और दो की पहचान की जा रही है। ये सभी लोग अपने परिवार या जीवनसाथी के साथ छुट्टियां मनाने आए थे।
हमले से बचे कई पर्यटकों ने बताया कि आतंकवादियों ने नाम पूछकर लोगों को गोली मारी। आतंकियों की गोलियां अंधाधुंध चलीं और खासतौर पर पुरुषों को निशाना बनाया गया। इस क्रूरता ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है।
आईबी अधिकारी मनीष रंजन की हत्या
इस कायराना हमले में हैदराबाद में तैनात आईबी अधिकारी मनीष रंजन की भी मौत हो गई। मूल रूप से बिहार के रहने वाले मनीष रंजन को उनकी पत्नी और बच्चों के सामने गोली मार दी गई। वे परिवार सहित कश्मीर घूमने आए थे। यह घटना आतंक की अमानवीय हदें पार कर गई।
‘मिनी स्विट्जरलैंड’ बनी खून की घाटी
बैसरन घाटी, जिसे आमतौर पर ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ कहा जाता है, पर्यटकों और ट्रैकिंग प्रेमियों का पसंदीदा स्थल है। देवदार के घने जंगलों और पहाड़ों से घिरी इस खूबसूरत घाटी में जब हमला हुआ, तब पर्यटक टट्टू की सवारी, पिकनिक और फोटोग्राफी में व्यस्त थे। तभी आतंकियों ने भोजनालयों के पास मौजूद लोगों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
पीएम मोदी ने दौरा बीच में छोड़ा
हमले की सूचना मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सऊदी अरब यात्रा बीच में छोड़कर मंगलवार रात को स्वदेश लौटने का निर्णय लिया। वे सऊदी के क्राउन प्रिंस के साथ द्विपक्षीय वार्ता में थे, लेकिन आधिकारिक रात्रिभोज में शामिल नहीं हुए।
गृहमंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंचे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार शाम को ही श्रीनगर पहुंच गए और कश्मीर में सुरक्षा हालात का जायजा लिया। उन्होंने सेना, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आपात बैठक की और घायलों से मिलने की योजना बनाई।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस हमले को “हाल के वर्षों में आम लोगों पर हुए सबसे बड़े हमलों में से एक” बताया। उन्होंने कहा कि इस निर्दय हमले ने घाटी को फिर से खून से रंग दिया है।
एयर इंडिया की अतिरिक्त उड़ानें
घटना के बाद एयर इंडिया ने 23 अप्रैल, बुधवार को श्रीनगर से दिल्ली और मुंबई के लिए दो अतिरिक्त फ्लाइट्स संचालित करने का निर्णय लिया है। एयर इंडिया ने सोशल मीडिया पर लिखा –
“मौजूदा हालात को देखते हुए, एयर इंडिया श्रीनगर से दिल्ली और मुंबई के लिए दो अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगा।”
