भिवाड़ी।ओशी फाउंडेशन द्वारा गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था द्वारा संचालित कपड़ा बैंक सत्र का भी विधिवत समापन किया गया।
संस्था की ओर से इस सत्र के दौरान कुल 9 चरणों में कपड़ा वितरण अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत भिवाड़ी की विभिन्न झुग्गी बस्तियों में लगभग 5000 गर्म कपड़े जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाए गए। इस सेवा कार्य को स्थानीय लोगों ने सराहनीय और मानवीय पहल बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्त्री शक्ति केंद्र में मां भारती के पूजन एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात महिलाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
इसके बाद आयोजित ओपन एयर क्लास में करीब 180 बच्चों को स्कूल बैग, मिठाइयां और जलपान वितरित किया गया। बच्चों ने भी देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विवेक शर्मा, गिरिराज गुप्ता सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने ओशी फाउंडेशन के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ किया गया।
khabre junction
