शारदीय नवरात्र मेला के द्वितीय दिन विन्ध्य महोत्सव का विधायक नगर ने दीप प्रज्जवलित कर किया शुभारम्भ

मिर्जापुर: मां विन्ध्यवासिनी देवी के धाम विन्ध्याचल में चल रहे शारदीय नवरात्र मेला के दौरान स्थानीय रोजवेज परिसर में उत्तर प्रदेश विन्ध्य तीर्थ विकास परिषद (पर्यटन/संस्कृति विभाग) एवं जिला प्रशासन द्वारा आयोजित नव दिवसीय विन्ध्य महोत्सव-2024 के द्वितीय दिन का शुभारम्भ मां विन्ध्यवासिनी देवी के चित्र पर मायालर्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर माननीय विधायक नगर   रत्नाकर मिश्र ने किया।

शुभारम्भ के बाद, विधायक   मिश्र ने मंच पर कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले दलों के कलाकारों को देवी चित्र, चुनरी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत लोकगायक बद्री कवि मीरजापुर के लोकगीत/बिरहा और लोकगायक अजीत उपाध्याय गोरखपुर के भजन के साथ हुई। इसके बाद, जनपद मीरजापुर की अंतर्राष्ट्रीय लोकगायिका उषा गुप्ता ने ‘माई वरदानी तू ही दानी, सज्ञानी तू ही तोहरे कृपा पर संसार हो….’ देवी गीत प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं को भक्तिमय किया।

इसके अलावा, ध्रुव इण्टरटेंन्मेंट लखनऊ ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी, और उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज के कलाकार आनंद किशोर एवं उनकी टीम ने ढेढिया नृत्य प्रस्तुत किया। लखनऊ के कारवां फाउंडेशन ने भी लोकनृत्य का प्रदर्शन कर लोगों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र तिवारी उर्फ लल्लू तिवारी, संजय श्रीवास्तव और रक्षा उमर ने किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शिव प्रताप शुक्ल, नगर मजिस्ट्रेट लाल बहादुर सिंह, डिप्टी कलेक्टर शक्ति प्रताप सिंह के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

दिनांक 06 अक्टूबर 2024 को सांस्कृतिक मंच पर मीरजापुर के सुरेश मौर्या, नीतीश कुमार, कुसुम पाण्डेय, बबलू राम दीवाना और जनपद बस्ती की शुचिता पाण्डेय द्वारा भजन व देवी कजरी का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। इसके अलावा, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक प्रयागराज के सौजन्य से हरियाणा के कलाकार मनोज जाले और उनकी टीम द्वारा आकर्षक हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.