विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एसपी सिंह ने रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
रामपुर: विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एसपी सिंह ने अपने कार्यालय परिसर से प्रातः 10:00 बजे रैली को हरी झण्डी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जागरुकता रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से सराफा मार्केट स्थित जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय तक जाकर सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर सीएमओ द्वारा समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु शपथ दिलाई गई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस 2025 की थीम “मलेरिया हमारे साथ समाप्त होता है, पुनर्निवेश, पुनर्कल्पना, पुनर्जीवन।” मलेरिया दिवस की एक खास थीम पर विश्व मलेरिया दिवस 25 अप्रैल 2025 कार्यक्रम का अयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि मलेरिया जैसी महत्वपूर्ण समस्या के उन्मूलन के संदेश को जनसमुदाय के साथ साझा किया जाये और मलेरिया के खिलाफ लड़ाई में जनसमुदाय को सजग करते हुये मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम में आमजन की भागीदारी को करें। तभी वर्ष 2030 तक उत्तर प्रदेश के मलेरिया उन्मूलित करने के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। सीएमओ ने कहा कि हर रविवार मच्छर पर वार, लार्वा पर प्रहार का क्रियान्वयन अत्यन्त प्रभावी ढंग से हो, जिसमें जनसामान्य को सप्ताह में एक दिन कूलर आदि से जल निकालकर सुखाकर प्रयोग किये जाने हेतु प्रेरित किया जाये। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, अपने घर के आस-पास जलभराव न होने दें। यदि किसी भी व्यक्ति को बुखार आये तो वह नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर अपनी मलेरिया की निःशुल्क जींच अवश्य करवायें। मलेरिया धनात्मक होने की स्थिति में इसका समूल उपचार भी निःशुल्क किया जाता है। इस अवसर पर अपर/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, सहायक मलेरिया अधिकारी, बयोलॉजिस्ट, अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
