अटल बिहारी वाजपेई जन्म शताब्दी वर्ष पर राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष द्वारा कलाकारों को किया गया सम्मानित
- रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार
प्रेस विज्ञप्ति।गैलेड बिल्डिंग स्थित मोदी आईफा आर्ट गैलरी में राज्य ललित कला अकादमी, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश), आई.एन.एम. पीजी कॉलेज मेरठ एवं आईफा मोदीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय कला प्रदर्शनी के तीसरे दिन भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा (अध्यक्ष, राज्य ललित कला अकादमी, लखनऊ) एवं विशिष्ट अतिथि राजेंद्र राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर अटल बिहारी वाजपेई जन्म शताब्दी समारोह एवं कला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी की संयोजिका एवं राज्य ललित कला अकादमी की सदस्य डॉ. दिशा दिनेश तथा आईफा मोदीनगर के मैनेजर डॉ. संघर्ष शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को शॉल ओढ़ाकर, स्मृति प्रतीक एवं प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने संस्थान के मैनेजर डॉ. संघर्ष शर्मा को भी प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने प्रदर्शनी दीर्घा का अवलोकन किया तथा कलाकारों से उनकी प्रदर्शित कलाकृतियों पर विस्तृत चर्चा की।
निर्णायक मंडल द्वारा सर्वश्रेष्ठ कलाकृति के लिए मेघा दीक्षित (आईफा), डॉ. परविंदर कुमार तिवारी (मेरठ) एवं वासु त्यागी (सरधना) को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह एवं ₹15,000 की नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी के अवसर पर आईफा संस्थान के छात्र-छात्राओं सिद्धार्थ गौतम, मेघा दीक्षित, आदित्य, हर्षित एवं हिमांशु द्वारा बनाए गए अटल बिहारी वाजपेई के पोर्ट्रेट मुख्य अतिथि को भेंट किए गए। मुख्य अतिथि ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम में डॉ. संघर्ष शर्मा की पुत्री अनुष्का शर्मा एवं आईफा की छात्रा पिंकी द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत ओजस्वी कविताओं का पाठ किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रदर्शनी को देखने के लिए कला प्रेमियों, कलाकारों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं कला शिक्षकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
इस आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी भौतेंद्र कुमार, अमित कुमार बंसल, प्रीति शर्मा, डॉ. रूचि विद्यार्थी, अवनी, प्रशांत झा, स्वीटी, शीतल, दीपांशु, हिमांशु, पलक, आभा शर्मा सहित अनेक सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
