बलेसरा में पैक्स चुनाव को लेकर पहले दिन अध्यक्ष पद पर एक ने किया नामांकन
सदस्य पद पर भी एक प्रत्याशी ने किया नामांकन
- रिपोर्ट- संतोष पाठक
उचकागांव /गोपालगंज: प्रखंड मुख्यालय के बीआरसी भवन में बने निर्वाचन कोषांग में प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) बलेसरा के लिए बुधवार को नामांकन की प्रक्रिया के पहले दिन पैक्स अध्यक्ष पद के लिए एक तथा समिति सदस्य के लिए भी एक प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जिसमें पैक्स अध्यक्ष पद के लिए पंचायत के वृत्ति टोला निवासी निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष बच्चा चौधरी ने अपना पर्चा दाखिल किया। जबकि सदस्य पद के लिए रमाकांत चौधरी ने अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी आलोक कुमार श्रीवास्तव ने दोनों प्रत्याशियों का नामांकन पत्र प्राप्त किया। बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी कुमार प्रशांत ने बताया कि प्रखंड के बलेसरा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष तथा कार्यकारिणी के सदस्यों के चुनाव को लेकर नामांकन की प्रकिया शुरू की गई है। जिसमें नामांकन की तिथि 20 व 21 मई को निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदन पत्रों की संविक्षा 22 व 23 मई को किया जाएगा। जबकि 26 मई को 11 बजे पूर्वाह्न से 3 दोपहर तक इच्छुक प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। जिसके बाद प्रत्याशियों को सिंबल आवंटित कर दिया जाएगा। प्रचार की समाप्ति के पश्चात 3 जून को सुबह सात बजे से साढ़े चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं मतदान की समाप्ति के पश्चात उसी दिन प्रखंड मुख्यालय पर मत पेटिका लाकर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना प्रारंभ कर दी जाएगी।
