गणतंत्र दिवस पर रेलवे पुलिस ने चलाया जांच अभियान

ऐलनाबाद, 24 जनवरी ( एम पी भार्गव ) अंबाला छावनी की रेलवे पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत के दिशा निर्देशानुसार और रेलवे चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान के नेतृत्व में स्थानीय रेलवे पुलिस ने आज दिन और रात के समय आवाजाही करने वाली यात्री गाड़ियों की गहनता से चेकिंग की। रेलवे पुलिस टीम ने रेलवे प्लेटफार्म, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज और ट्रेनों के कोचों की बारीकी से तलाशी ली। टीम ने यात्रियों के सामान की भी जांच की और संदिग्ध प्रतीत होने वाले बैग की जांच की जिससे सुरक्षा जांच और प्रभावी बनी। रेलवे चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान ने बताया कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है ऐसे में उनकी सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी। रेलवे पुलिस ने यह अभियान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चलाया है ताकि असामाजिक तत्वों पर रोक लगाई जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जांच अभियान के दौरान यात्रियों से भी सहयोग की अपील की गई। यदि किसी यात्री को कोई लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दें। यात्रियों को अनावश्यक अफवाहों से दूर रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह भी दी गई। इस अवसर पर उनके साथ सिपाही श्यामलाल सिपाही विष्णु और ईएसआई जयदीप सिंह भी मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.