बदायूँ, मार्च। मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी जिलाधिकारी केशव कुमार ने तहसील सहसवान में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कुल 25 शिकायती व प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
शनिवार को ईद-उल-फितर के सार्वजनिक अवकाश के कारण सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में प्रभारी डीएम ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से भी निस्तारण की गुणवत्ता पर फीडबैक लिया जाता है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व विभाग से 9, पुलिस विभाग से 2, विकास विभाग से 5 तथा अन्य विभागों से 9 शिकायतें प्राप्त हुईं, इस प्रकार कुल 25 शिकायतों पर सुनवाई की गई। सभी मामलों के गुणवत्तापरक निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
