कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय से गंभीरता के साथ कार्य करें अधिकारी : डीसी शान्तनु शर्मा

- उपायुक्त शान्तनु शर्मा ने शनिवार को बैठक में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस, सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी और हरियाणा दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की।

ऐलनाबाद,सिरसा, 25 अक्टूबर(एम पी भार्गव): उपायुक्त शान्तनु शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस तथा सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती पर रन फ़ॉर यूनिटी और हरियाणा दिवस पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ गंभीरता से कार्य करते हुए तय समय पर संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करें।
वे शनिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी दिवस में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजन संबंधित तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश सरकार ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में राज्यभर में चार पवित्र यात्राएँ आयोजित करने का निर्णय लिया है। पहली यात्रा 8 नवंबर को रोड़ी (जिला सिरसा) से आरंभ होगी, जिसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। तीन नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी के जीवन परिचय पर आधारित एक निबंध प्रतियोगिता चार भाषाओं हिंदी, संस्कृत, पंजाबी और अंग्रेजी में जिला के स्कूलों में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के तीन उत्कृष्ट प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

31 अक्टूबर को होगी रन फॉर यूनिटी
डीसी शांतनु शर्मा ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर 31 अक्टूबर को “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया जाएगा, जो शहीद भगत सिंह स्टेडियम सिरसा से सुबह 07 बजे आरंभ होगी। देश की एकता और अखंडता को समर्पित इस दौड़ में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान जिला में राष्ट्रीय एकता के ध्येय के साथ पदयात्राओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा एक नवम्बर को हरियाणा दिवस पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 गौरवशाली वर्ष के उपलक्ष्य में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के 150 गौरवशाली वर्ष को पूरे देशभर में विशेष उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस क्रम में जिला में भी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, विचार गोष्ठियाँ और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से नई पीढ़ी को राष्ट्रीय एकता और सम्मान की भावना से प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान सीईओ जिला परिषद डॉ सुभाष चंद्र, डीएफएससी मुकेश कुमार, जिला खेल अधिकारी जगदीप सिंह, नेहरू युवा केंद्र से धनपत सिंह, डीडीपीओ बलजीत सिंह चहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.