महाकुंभ ड्यूटी में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, छात्राओं को दिलाई गई मतदान शपथ
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर
शाहबाद। आज दिनांक 24 जनवरी 2026 को क्षेत्राधिकारी शाहबाद द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शाहबाद में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिव्य एवं भव्य महाकुंभ में ड्यूटी पर तैनात रहे अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण को उनकी उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी शाहबाद ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं छात्राओं को मतदाता जागरूकता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक एवं अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी को मतदान शपथ भी दिलाई, जिससे लोकतंत्र को और अधिक मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्या, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शाहबाद के साथ संयुक्त रूप से विद्यालय की “पंख” पत्रिका का भी विमोचन किया गया। इस पत्रिका के माध्यम से छात्राओं की रचनात्मकता, विचारों और प्रतिभा को मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सेवा, सम्मान और लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
khabre junction
