जनगणना कार्य में लगे अधिकारी व कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ निभाएं अपनी ड्यूटी: नगराधीश अजय सिंह

ऐलनाबाद/सिरसा, 6 मार्च (एम.पी. भार्गव):जनगणना-2027 के पहले चरण हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस को लेकर वीरवार को स्थानीय सीडीएलयू सिरसा के टैगोर भवन सभागार में जनगणना से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर नगराधीश अजय सिंह, डीआरओ संजय बिश्नोई, जिला सांख्यिकी अधिकारी अमिता सिंह, ललित कुमार, अजय, सुनील सहित तहसीलदार, नगर परिषद व नगर पालिका के सचिव तथा जनगणना लिपिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दो दिवसीय कार्यशाला के प्रथम दिन डिविजनल ट्रेनर राधा रमण और डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु ने जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

नगराधीश अजय सिंह ने कहा कि देश के विकास और उन्नति के लिए जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके आधार पर ही शोध, योजना निर्माण और विभिन्न व्यवस्थाओं को लागू किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में पिछली जनगणना हुई थी और अब इस वर्ष से नई जनगणना की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से होगी। इसलिए इस कार्य में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं तथा इसे समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करें।

डिविजनल ट्रेनर राधा रमण ने कहा कि जनगणना के माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति और विभिन्न संसाधनों की सटीक जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी को ध्यानपूर्वक समझने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रशिक्षकों से अवश्य पूछने की अपील की।

वहीं डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु ने बताया कि यह प्रक्रिया सीधे तौर पर केंद्र सरकार की निगरानी में संचालित की जा रही है और भविष्य में बनने वाली सभी सरकारी नीतियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का यह मुख्य आधार बनेगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से इस राष्ट्रीय दायित्व को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ निभाने का आह्वान किया।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.