पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल डिजिटल हुआ: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में डिजिटल डिस्प्ले सूचना पैनल का शुभारंभ
- पंकज झा वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने सूचना प्रबंधन को आधुनिक, स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के स्वागत द्वार पर स्थापित अत्याधुनिक डिजिटल डिस्प्ले सूचना पैनल का सोमवार को शुभारंभ किया गया। इस नई व्यवस्था के जरिए अब मंडल की महत्वपूर्ण सूचनाएं, उपलब्धियां, प्रशासनिक संदेश और जनहित से जुड़े अभियान डिजिटल माध्यम से त्वरित और प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किए जाएंगे।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह के नेतृत्व में महिला टेक्नीशियन संयोगिता कुमारी और जूनियर इंजीनियर रमाशंकर सिंह यादव ने संयुक्त रूप से फलक का अनावरण कर डिजिटल डिस्प्ले सूचना पैनल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के पर्यवेक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि डिजिटल युग में सूचना का त्वरित, सटीक और प्रभावी संप्रेषण समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस डिजिटल डिस्प्ले पैनल के माध्यम से मंडल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, अभियानों, उपलब्धियों, प्रशासनिक सूचनाओं तथा जनहित के संदेशों का नियमित प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यालय आने वाले आगंतुकों को अद्यतन जानकारी एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अब मंडल कार्यालय परिसर में कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए पारंपरिक स्टैंडी और पोस्टरों की जगह डिजिटल डिस्प्ले सूचना पैनल का उपयोग किया जाएगा। इससे सूचना प्रसारण अधिक प्रभावी होगा, कागज की खपत कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह ने बताया कि आधुनिक तकनीक से लैस इस डिजिटल सूचना पैनल के माध्यम से सूचनाओं को तुरंत अपडेट कर प्रदर्शित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सूचना एवं संचार व्यवस्था को और अधिक स्मार्ट, डिजिटल और प्रभावी बनाने के लिए ऐसे नवाचार लगातार किए जाएंगे।
भारतीय रेल के डिजिटलीकरण और स्मार्ट कार्यालय व्यवस्था की दिशा में वाराणसी मंडल की यह पहल सूचना प्रबंधन को नई गति देने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और गुणवत्ता को भी मजबूती प्रदान करेगी।
