नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने 16.95 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में एक और आरोपी किया गिरफ्तार

नोएडा: साइबर क्राइम पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर नैनीताल बैंक से 16 करोड़ 95 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक और शातिर आरोपी कुलदीप कुमार को नोएडा से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अब तक 4 करोड़ से ज्यादा की रकम फ्रीज कर चुकी है। इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

इससे पहले अगस्त महीने में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। 10 जुलाई को थाना साइबर क्राइम नोएडा में इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। आरोप था कि नैनीताल बैंक के सर्वर को एक्सेस कर बैंक के आरटीजीएस पूल अकाउंट से 16.95 करोड़ रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर धोखाधड़ी की गई थी।

गिरोह में शामिल कुलदीप कुमार की गिरफ्तारी
14 अक्टूबर को गिरोह के एक अन्य सदस्य कुलदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया। कुलदीप ने पूछताछ में बताया कि उसे इस धोखाधड़ी से 1 करोड़ 97 लाख रुपये मिले थे, जिनमें से 1 लाख 52 हजार रुपये उसने अन्य लोगों को दिए और खुद 5 लाख रुपये लिए। पुलिस अब तक इस मामले में 4 करोड़ 10 लाख रुपये की रकम फ्रीज कर चुकी है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, कुलदीप कुमार द्वारा धोखाधड़ी की रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई गई थी और उसे नकद के रूप में अन्य लोगों तक पहुंचाया गया। इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने कहा है कि इस मामले में “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति अपनाते हुए सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.