“नशा नहीं, शिक्षा हां — साथ ही पर्यावरण का सम्मान”, गुड़िया खेड़ा विद्यालय में एनसीबी का विशेष जन-जागरूकता अभियान एवं पौधारोपण कार्यक्रम
ऐलनाबाद, 16 जुलाई( एम पी भार्गव )“नशा न केवल व्यक्ति के शरीर को नष्ट करता है, बल्कि उसका मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक संतुलन भी बिगाड़ देता है।” — यह संदेश हरियाणा स्टेट नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) के निरीक्षक होशियार सिंह ने दिया, जब उन्होंने सिरसा जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गुड़िया खेड़ा में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को संबोधित किया। जागरूकता अभियान एनसीबी प्रमुख श्री ओ.पी. सिंह, आई.पी.एस. के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक श्री मोहित हांडा और पुलिस अधीक्षक सुश्री पंखुरी कुमार के नेतृत्व में संचालित किए जा रहे है। प्रदेश में एनसीबी न केवल नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है, बल्कि समाज को नशा मुक्त करने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान भी चला रही है।
इस अभियान की खास बात यह रही कि इसमें “नशा नहीं, शिक्षा हां” के संकल्प के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया। एनसीबी सिरसा यूनिट ने विद्यालय के ईको क्लब के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को हरियाली व स्वच्छ पर्यावरण का महत्व समझाया।
कार्यक्रम मे निरीक्षक होशियार सिंह ने बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा में उनकी भूमिका समझाई। आगे यूनिट के उप निरीक्षक महावीर सिंह ने कहा कि “नशे की लत व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक और आर्थिक स्थिति को बर्बाद कर देती है।” इसके बाद बच्चों के साथ खुले संवाद के दौरान बताया की नशा एक सामाजिक बुराई है, जिसे मिलकर समाप्त करना हम सबका कर्तव्य है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों व स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और “हर घर एक पौधा, हर मन में शिक्षा, नशा से मुक्ति” के संकल्प के साथ पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा सरकार और एनसीबी द्वारा संचालित प्रमुख अभियानों पर प्रकाश डाला गया: जैसे नमक लोटा अभियान, ई-पलेज, साइक्लोथॉन मुहिम और “नशा मुक्त जीवन, नायाब जीवन – बेकैट चैलेंज” आदि। इन अभियानों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़कर एक व्यापक जनजागरण आंदोलन खड़ा किया जा रहा है।
शपथ और अपील: कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितों विद्यार्थियों और अध्यापकों को नशा से दूर रहने और दूसरों को भी दूर रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही सभी से अपील की गई कि वे नशे के खिलाफ सूचना देने में हिचकिचाएं नहीं बल्कि एक जागरूक नागरिक की तरह अपने कर्तव्य का निर्वहन करे और टोल फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल www.ncbmanas.gov.in और हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर सूचना दे।
