मेहनाखेड़ा में निताशा सिहाग ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
- नायाब सपना — “स्वस्थ-समृद्ध हरियाणा अपना” अभियान के तहत मेहना खेड़ा विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित
ऐलनाबाद 27 सितंबर ( एम पी भार्गव )शनिवार को नायाब सपना के अंतर्गत “स्वस्थ-समृद्ध हरियाणा अपना” अभियान का कार्यक्रम आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेहना खेड़ा में भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्रीमती निताशा राकेश सिहाग का विद्यालय परिवार द्वारा फूलमालाओं से स्वागत कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती निताशा राकेश सिहाग ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज का निर्माण कर सकता है। विद्यार्थियों के सही पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देकर हम आने वाली पीढ़ी को सक्षम बना सकते हैं। अभिभावक और शिक्षक मिलकर बच्चों में अच्छी आदतें डालें तो हमारा हरियाणा न सिर्फ स्वस्थ बल्कि प्रगतिशील भी बनेगा। भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन इस दिशा में हर संभव सहयोग करेगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सुनीता सांई, विद्यालय प्राचार्य श्री मोहिंदर कुमार, ग्राम सरपंच श्रीमती पुष्पा देवी, ग्राम प्रतिनिधि श्री सुभाष, तथा एसएमसी प्रधान श्री सुभाष ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई और अभियान की सराहना की। इन सभी ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश दिए और स्वास्थ्य व शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और एसोसिएशन सदस्यों की भी विशेष सहभागिता रही। परमजीत कौर, अनिल भालिया, व्याख्याता (कॉमर्स), राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेगू रोड, सिरसा अन्य शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित थे। सभी उपस्थितजनों ने अभियान की सफलता हेतु मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
