माउंट माउंगानुई। न्यूजीलैंड ने माउंट माउंगानुई टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 323 रनों से करारी शिकस्त दी और तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 0-2 से अपने नाम कर ली। मेहमान टीम के सामने 462 रनों का विशाल लक्ष्य रखा गया था, जिसके जवाब में कैरेबियाई टीम मात्र 138 रन पर ढेर हो गई।
न्यूजीलैंड दौरे पर आई वेस्टइंडीज की टीम ने पहला टेस्ट मुकाबला ड्रॉ कराकर उम्मीदें जगाई थीं, लेकिन इसके बाद वेलिंग्टन और माउंट माउंगानुई टेस्ट में हार झेलकर सीरीज गंवा बैठी। माउंट माउंगानुई टेस्ट में न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी 575/8 पर घोषित की थी। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 420 रन ही बना सकी।
इसके बाद कीवी टीम ने दूसरी पारी 306/2 पर घोषित कर वेस्टइंडीज के सामने 462 रनों का लक्ष्य रखा। दबाव में आई वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और पूरी टीम 138 रन पर सिमट गई।
लैथम और कॉन्वे रहे जीत के नायक
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम और ओपनर डेवोन कॉन्वे ने शानदार प्रदर्शन किया। पहली पारी में लैथम ने 137 रन बनाए, जबकि डेवोन कॉन्वे ने 227 रनों की ऐतिहासिक दोहरी शतकीय पारी खेली और एक नया रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। दूसरी पारी में भी दोनों बल्लेबाजों ने शतक जड़े—लैथम ने 101 और कॉन्वे ने 100 रन बनाए।
वेस्टइंडीज की ओर से पहली पारी में क्वेम हॉज ने शतक लगाकर संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके।
गेंदबाजों का कहर
462 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज के खिलाफ न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने कहर बरपाया। जैकब डफी ने 42 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि एजाज पटेल ने 32 ओवर में 21 मेडन फेंकते हुए सिर्फ 23 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
WTC पॉइंट्स टेबल में न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर
इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (2025-27) की पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि भारत छठे स्थान पर है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम अब तक कोई जीत दर्ज नहीं कर पाई है और तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है।
न्यूजीलैंड की इस दमदार जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि घरेलू परिस्थितियों में कीवी टीम को हराना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं है।
