नम्मा मेट्रो में नए नियम लागू, तेज आवाज में म्यूजिक, खाना खाने और तंबाकू चबाने पर लगेगा जुर्माना

बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए नम्मा मेट्रो में कुछ नए नियम लागू किए हैं। नम्मा मेट्रो की ओर से जारी मीडिया रिलीज में कहा गया है कि मेट्रो ट्रेनों के भीतर ऐसे कृत्य, जिनसे अन्य यात्रियों को असुविधा होती है, उन पर मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2002 के तहत जुर्माना लगाया जाएगा।

BMRCL के अनुसार, मेट्रो ट्रेनों के अंदर बिना ईयरफोन के तेज आवाज में म्यूजिक बजाना, खाना खाना या तंबाकू चबाना अब दंडनीय अपराध की श्रेणी में आएगा। यात्रियों के अच्छे व्यवहार और जिम्मेदार यात्रा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेंगलुरु मेट्रो ने एक विशेष जागरूकता अभियान भी शुरू किया है।

मेट्रो अथॉरिटी ने यात्रियों से अपील की है कि नम्मा मेट्रो एक साझा सार्वजनिक स्थान है, जहां सभी से सामूहिक जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है। नए नियमों में स्पष्ट किया गया है कि ऐसे व्यवहार, जो सह-यात्रियों को परेशान करते हैं, उन्हें पूरी तरह से टाला जाना चाहिए।

इसके साथ ही मेट्रो प्रशासन ने सीनियर सिटिजन्स, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को प्रायोरिटी सीट देने पर भी जोर दिया है। मेट्रो ने कहा कि जरूरतमंद यात्रियों को सीट उपलब्ध कराना और दूसरों को असुविधा न पहुंचाना एक साझा नागरिक कर्तव्य है।

गौरतलब है कि मेट्रो ट्रेनों के भीतर आपत्तिजनक गतिविधियों को लेकर बार-बार शिकायतें मिल रही थीं। इसे देखते हुए BMRCL ने एक वर्ष तक ऑनबोर्ड जागरूकता अभियान चलाया, जिसके तहत यात्रियों को समझाने और जागरूक करने के लिए मेट्रो ट्रेनों में होम गार्ड की विशेष टीमें तैनात की गईं।

मेट्रो अथॉरिटी द्वारा एकत्र किए गए आंकड़ों के अनुसार, 57,538 यात्री मेट्रो ट्रेनों के अंदर तेज आवाज में म्यूजिक बजाते पाए गए, जबकि 1,907 यात्री खाना खाते हुए और 1,677 यात्री तंबाकू चबाते हुए पकड़े गए। इसके अलावा 37,038 यात्रियों को जरूरतमंद लोगों के लिए प्रायोरिटी सीट खाली न करने पर काउंसलिंग दी गई।

उल्लेखनीय है कि बेंगलुरु की नम्मा मेट्रो, दिल्ली मेट्रो के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा चालू मेट्रो नेटवर्क है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में यह एक प्रमुख रैपिड ट्रांजिट सिस्टम है, जिसका नेटवर्क 95 किलोमीटर से अधिक है और यह प्रतिदिन 10 लाख से ज्यादा यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाती है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.