- रिपोर्ट: नीरज मित्तल
नई दिल्ली: भारत के निर्माण क्षेत्र में कौशल विकास और क्षमता निर्माण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए एक प्रमुख सीमेंट कंपनी और एनसीबी के बीच आज समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी को देश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एनसीबी के महानिदेशक डॉ. एल.पी. सिंह ने बताया कि अगले 3 से 5 वर्षों में लगभग 1 लाख पेशेवरों और श्रमिकों को प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत सिविल इंजीनियरों, आरएमसी पेशेवरों और राजमिस्त्रियों की क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
डॉ. सिंह के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम में सामग्री की गुणवत्ता परीक्षण, कंक्रीट मिक्स अनुपात निर्धारण, निर्माण की स्थायित्व और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह साझेदारी भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं, जैसे ‘स्किल इंडिया मिशन’, के अनुरूप है और तेजी से बढ़ती बुनियादी ढांचा एवं आवासीय जरूरतों को पूरा करने में सहायक साबित होगी।
इस अवसर पर अल्ट्राटेक सीमेंट की ओर से राहुल गोयल, विशाल कुलकर्णी, विपिन चौधरी, अमन सहगल, डॉ. एस.के. चतुर्वेदी, जीडी पूरी, जयचंद नायडू, डॉ. बृजेश सिंह, आनंद बोहरा, डॉ. प्रतीक शर्मा, आशीष गोयल और विनय मोहन अग्रवाल सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
