Nepal Protest: नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शन, काठमांडू में झड़प, पीएम ओली का इस्तीफा, संसद भवन में आग
काठमांडू। नेपाल में एक बार फिर हालात बेकाबू हो गए हैं। राजधानी काठमांडू में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झड़प हुई। हिंसक भीड़ ने मंत्रियों, पूर्व प्रधानमंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नर के आवासों पर हमला कर दिया। हालात बिगड़ने पर सरकार ने अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों का आक्रोश थम नहीं रहा है।
सबसे बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया जब नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे की खबर सुनते ही लोग सड़कों पर उतर आए। हालांकि, ओली के बाहर जाने को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक, रिटायर्ड चीफ जस्टिस आगे की राजनीतिक प्रक्रिया में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
इस बीच नेपाल की संसद भी हिंसा की चपेट में आ गई। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में कब्जा करने के बाद आग लगा दी। वहीं, वित्त मंत्री विष्णु प्रसाद पौडेल को भी भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
नेपाल में इस हिंसक माहौल को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता जताई जा रही है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता ने कहा है कि यूएन नेपाल की स्थिति पर गहरी नजर रख रहा है।
फिलहाल पूरे देश में अफरातफरी और भय का माहौल है। सरकार ने शाम की सभी बैठकों को स्थगित कर दिया है। चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने में समय लग सकता है, लेकिन इस बीच आम जनता और राजनीतिक अस्थिरता के बीच नेपाल का भविष्य अधर में दिखाई दे रहा है।
