नीट पेपर लीक से भाजपा सरकार की परीक्षा व्यवस्था की पोल खुली : कुमारी सैलजा

कहा- बेरोजगारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता से किए जाए कार्य

ऐलनाबाद, 19 मई (एम पी भार्गव)। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य Kumari Selja ने भाजपा सरकार पर युवाओं के साथ अन्याय और भेदभाव करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की घटनाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार देश की परीक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल रही है।

मंगलवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि Rahul Gandhi लगातार जिस खतरे की ओर देश का ध्यान दिलाते रहे हैं, आज वही स्थिति पूरे देश में दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदारी कौन लेगा। हर बार छोटे स्तर पर कार्रवाई दिखाकर सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती। जब लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा हो, तब जवाबदेही शीर्ष स्तर पर तय होनी चाहिए।

सांसद ने कहा कि देश का युवा मेहनत कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार व्यवस्था सुधारने के बजाय अपनी विफलताओं को छुपाने में लगी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाए।

इस अवसर पर कालांवाली के विधायक शीशपाल कहरवाला, कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष बैनीवाल, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष कृष्णा फोगाट, वीरभान मेहता, राजेश चांडीवाल, संदीप नेहरा, राजकुमार शर्मा, नवीन केडिया, इंद्र जैन कालांवाली, रणधीर सिंह और सुरजीत सिंह भावदीन सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बवानीखेड़ा में गरीबों के घर उजाड़ना अमानवीय : सैलजा

कुमारी सैलजा ने बवानीखेड़ा में वर्षों से बसे गरीब परिवारों के घर उजाड़े जाने की घटना को बेहद अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि धरना स्थल पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी पीड़ा को गंभीरता से सुना।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने दशकों तक मेहनत कर अपना आशियाना बनाया, उन्हें बिना संवेदनशीलता के बेघर कर देना किसी भी सरकार के लिए शर्मनाक है। कुमारी सैलजा ने सरकार से मांग की कि प्रभावित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और उनसे माफी मांगी जाए।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.