- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने मंगलवार को सोनभद्र-झारखंड सीमा से कुख्यात नक्सली डॉ. उमेश खेरवार को दबोच लिया। खेरवार पर झारखंड सरकार ने पाँच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
सूत्रों के अनुसार, उमेश खेरवार उर्फ़ डॉ. उमेश/डॉ. नगिना नक्सली संगठन टीपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति) का सब-जोनल कमांडर है। वह गढ़वा ज़िले का रहने वाला है और लंबे समय से एके-47 सहित आधुनिक हथियारों से लैस होकर सक्रिय था।
खेरवार पर झारखंड के पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों में दो दर्जन से अधिक नक्सली घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं। 3 सितम्बर को पलामू के मनातू थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में भी वह मौजूद था, जिसमें दो पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। उस घटना का मास्टरमाइंड माने जाने वाला नगिना पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। एटीएस अधिकारियों का कहना है कि उमेश से विस्तृत पूछताछ के बाद उसे जल्द ही झारखंड पुलिस को सौंप दिया जाएगा। यह गिरफ्तारी नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
