नवजोत सिद्धू की पत्नी ने नई पार्टी बनाई:घोषणा के वक्त पति साथ नहीं; कांग्रेस से निकाली जा चुकीं, BJP से भी नजदीकी बढ़ा रहीं थी
पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस के पूर्व पंजाब अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने नई पार्टी बना ली है। नवजोत कौर सिद्धू ने अपने X हैंडल पर पोस्ट करते हुए नई पार्टी की घोषणा की।
नवजोत कौर सिद्धू ने एक फोटो पोस्ट की है, जिसके बैकग्राउंड में नई पार्टी का नाम भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी लिखा है। उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि बहुप्रतीक्षित घोषणा।
उसमें उन्होंने लिखा है- हमने राष्ट्रीय स्तर पर एक नए विकल्प का काम किया है, जिसमें हमने वर्तमान राजनीतिक नेताओं के प्रदर्शन मानकों का गहराई से अध्ययन और मूल्यांकन किया है। हम केवल अपने देश के लिए अपना जीवन समर्पित करना चाहते हैं और लोगों को वही देना चाहते हैं, जिसके वे वास्तव में हकदार हैं और हमसे अपेक्षा रखते हैं।
डॉ. नवजोत कौर ने सोशल मीडिया पर यह पोस्ट देर रात अपलोड की है। हालांकि, पार्टी की घोषणा करते वक्त उनके साथ उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू नहीं दिख रहे। नवजोत कौर को पिछले साल कांग्रेस पार्टी से निकाला गया था। इसके बाद वह भाजपा से नजदीकियां बढ़ा रही थीं।
नवजोत कौर ने पार्टी की घोषणा के लिए की गई पोस्ट में ये लिखा…
एक जैसी सोच के लोगों को जोड़ा: नवजोत कौर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह एक दिव्य प्रेरणा है, जिसने कुछ समान सोच वाले लोगों को एक साथ जोड़ा है, जिनमें क्षमता, आत्मविश्वास, साहस और दृढ़ संकल्प है कि वे हर राज्य में एक समान लक्ष्य के साथ काम करें। न्याय, शांति और प्रेम के माध्यम से उच्च चेतना की ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए वही प्रदान करें जो वाहेगुरु जी हमसे चाहते हैं।
पंजाब को खोई हुई गरिमा वापस दिलाएंगे: डॉ नवजोत कौर ने पोस्ट में आगे लिखा कि हम पंजाब को उसकी खोई हुई गरिमा दिलाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे, ताकि वह फिर से एक स्वर्णिम राज्य बन सके। जहां लोग प्रेम, साझेदारी, न्याय, स्वतंत्रता के अधिकार और निःस्वार्थ सेवा के उद्देश्य के साथ आध्यात्मिक विकास की राह पर चलें और बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के अपने लक्ष्य, मूल्यों और दृष्टिकोण को प्राप्त करें।
जनता द्वारा चलने वाली सरकार देंगे: डॉ नवजोत कौर सिद्धू ने लिखा कि हम एक ऐसी सरकार देंगे जो जनता की हो, जनता के लिए हो और जनता द्वारा चलाई जाए। पंजाब के लोगों की सरकार होगी। सत्य और प्रेम के मार्ग पर चलते हुए, आध्यात्मिक गुरुओं की सहायता से लोगों के घायल मनों को ठीक किया जाएगा।
भाजपा में जाने के लगाए जा रहे थे कयास: डॉ. नवजोत कौर ने जब कांग्रेस में सीएम की कुर्सी 500 करोड़ में बिकने वाला आरोप लगाया तो उसके बाद पंजाब की राजनीति में उथल-पुथल मच गई। कांग्रेस के स्थानीय नेता से लेकर हाईकमान तक सब विपक्ष के निशाने पर आ गए। उसके बाद पार्टी ने सख्त रवैया दिखाते हुए नवजोत कौर को शोकॉज नोटिस जारी किया।
पार्टी उन्हें बाहर का रास्ता दिखाती, उससे पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। कांग्रेस छोड़ने के बाद नवजोत कौर ने मोदी सरकार की तारीफ करनी शुरू की तो कयास लगाए जा रहे थे कि वह भाजपा में शामिल होंगी, लेकिन देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर पार्टी लॉन्च करके उन्होंने सभी को हैरत में डाल दिया।
