नंगल सोल सरकारी स्कूल बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित, टॉयलेट और बिल्डिंग क्षतिग्रस्त, पानी और मच्छरों से स्वास्थ्य खतरे बढ़े

शिक्षकों ने बच्चों की स्टेशनरी और राशन के लिए मदद की अपील कीस्वयंसेवकों की मदद से स्कूल की सफाई का काम जारीकुलदीप सिंह धालीवाल का भरोसा – जल्द स्कूल फिर से चालू करेंगे

अमृतसर जिले के गांव नंगल सोल का सरकारी हाई स्कूल बाढ़ के कारण बेहद खराब हालत में पहुंच गया है। अंग्रेजी शिक्षिका शविंदरजीत कौर ने बताया कि स्कूल की इमारतें, टॉयलेट और पानी के बोर खराब हो गए थे, जिनकी मरम्मत शुरू करवा दी गई है। स्कूल की सफाई का काम जारी है और कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द स्कूल को बच्चों के बैठने लायक बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि स्कूल के अंदर अभी भी पानी जमा है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ा हुआ है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ रहे हैं। इसलिए दोबारा स्प्रे करने की आवश्यकता है।

शिक्षिका ने अपील की कि बच्चों के लिए नई किताबें और स्टेशनरी सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जाएं, क्योंकि राशन का पूरा स्टॉक खराब हो चुका है और मिड-डे मील की व्यवस्था को फिर से शुरू करना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक भी अपनी जेब से यथासंभव योगदान देंगे, लेकिन सरकारी मदद के बिना यह काम संभव नहीं।

एडवोकेट अमनदीप कौर ने भी हालात देखकर कहा कि बाढ़ के कारण स्कूल को गंभीर नुकसान हुआ है और सरकार को जल्द कार्रवाई कर स्कूल खोलने चाहिए, ताकि बच्चों की पढ़ाई को और नुकसान न पहुंचे। उन्होंने बताया कि पार्टी स्वयंसेवक पूरी तरह सफाई कार्य में जुटे हुए हैं और अगले आठ दिनों में सभी प्रभावित स्कूलों को चालू करने की कोशिश की जाएगी।

इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार सफाई अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक सभी गांव साफ नहीं हो जाते, यह अभियान जारी रहेगा। धालीवाल ने कहा कि स्कूलों के फर्नीचर, कंप्यूटर और सामान को भारी नुकसान पहुंचा है लेकिन सरकार का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द स्कूलों को फिर से चालू किया जाए ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.