सिकंदराबाद – गुरुवार को नगर स्थित सब्जी मंडी में नगर पालिका की टीम द्वारा पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान की सूचना मिलते ही सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं में खलबली मच गई। नगर पालिका टीम ने दुकानों के आगे लगे तख्ते, सब्जियों की टोकरी,लकड़ी की पटरी और पॉलिथीन जैसे सामानों को जब्त किया और गाड़ी द्वारा नगर पालिका भेज दिया गया। नगर पालिका निरीक्षक राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस के साथ मिलकर सब्जी मंडी में अतिक्रमण हटाया गया साथ ही चेतावनी देते हुए सब्जी विक्रेताओं को अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। उसके बाद नगर पालिका टीम ने बाजार माधोदास स्थित लग रही अवैध पैठ में जाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की। कार्यवाही होते देख अतिक्रमणकारियो में हड़कंप मच गया। इसी बीच कुछ लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध को देखते हुए नगर पालिका टीम को वापस लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार नगर पालिका टीम का कहना है कि पुलिस फोर्स ना मिलने के कारण कार्रवाई नहीं हो पाई।
Prev Post
