नचिकेतन पब्लिक स्कूल की छात्रा सहजप्रीत ने तीरंदाजी ट्रायल में जीता स्वर्ण, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
ऐलनाबाद, 11 मार्च (एमपी भार्गव): नचिकेतन पब्लिक स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा सहजप्रीत, पुत्री परमिंदर परमा, ने तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, शहर और जिले का नाम रोशन किया है। हरियाणा आर्चरी एसोसिएशन द्वारा जींद में आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी ट्रायल में सहजप्रीत ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में राज्यभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच सहजप्रीत ने अपने सटीक निशाने और आत्मविश्वास से निर्णायकों व दर्शकों को प्रभावित किया। इस शानदार उपलब्धि के आधार पर उनका चयन आगामी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो गुंटूर (आंध्र प्रदेश) में आयोजित होगी।
विद्यालय परिवार के लिए यह उपलब्धि बेहद गर्व की बात है। सहजप्रीत की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और अभिभावकों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। कम उम्र में तीरंदाजी के क्षेत्र में उनका यह प्रदर्शन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है।
विद्यालय निदेशक रणजीत सिंह सिद्धु ने सहजप्रीत को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार हासिल की जा रही उपलब्धियां उनकी मेहनत और विद्यालय की गुणवत्ता को दर्शाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सहजप्रीत आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेगी।
विद्यालय के चेयरमैन राजेंद्र सिंह सिद्धु और सचिव छबील दास सुथार ने भी सहजप्रीत को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर अशोक कुमार मोहराना, प्राचार्य एस.एन. पारीक, प्रबंधन समिति के सदस्य परमिंदर सिंह सिद्धु, कपिल सुथार, शिवम सुथार, अध्यापकगण, विद्यार्थी और विद्यालय के प्रेस प्रवक्ता गुरसेवक सिंह ने सहजप्रीत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
