नगर परिषद् कब्जा छोड़े, मल्टीस्टोरी पार्किंग का कार्य शीघ्र शुरू करे : बियानी
शहर की सुंदरता के लिए उपायुक्त को करनी चाहिए पहल – बियानी
सिरसा/ऐलनाबाद,(एम. पी. भार्गव)। 27 अगस्त को सिरसा वैल्फ़ेयर फोरम के संयोजक एवं समाजसेवी आनन्द बियानी ने कहा कि सिरसा शहर की बिगड़ी हुई ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने और रेहड़ी धारकों को स्थाई स्थान उपलब्ध कराने के लिए नगर परिषद् को तुरंत कदम उठाने चाहिए। उन्होंने नगर परिषद् से अपील की कि वह कब्जा छोड़कर वहां मल्टीस्टोरी पार्किंग का कार्य शीघ्र शुरू करे, जिससे शहर की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सके।
बियानी ने बताया कि पूर्व उपायुक्त को प्रस्तुत किए गए उनके प्लान के तहत स्थानीय बॉम्बे वाली गली में स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल को स्थानांतरित करके मल्टीस्टोरी पार्किंग का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा गया था। इस पर लगभग 65 करोड़ रुपये की लागत का बजट भी स्वीकृत हुआ था। लेकिन स्कूल के स्थानांतरित होने के बाद नगर परिषद् का कार्यालय उसी स्थान पर स्थापित कर दिया गया, जिससे पार्किंग योजना ठंडे बस्ते में चली गई।
उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में सरस्वती नदी के किनारे बसे इस शहर का नक्शा पूर्वजों ने बेहद सोच-समझकर बनाया था। चौड़े बाज़ार, खुली गलियां और सात दरवाज़ों से शहर की सुरक्षा का ध्यान रखा गया था। लेकिन समय के साथ अतिक्रमण के कारण गलियां संकरी हो गईं और ट्रैफिक की समस्या विकराल रूप ले रही है।
बियानी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस समस्या का हल नहीं निकाला गया तो भविष्य में सिरसा को भयंकर जाम की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि बुद्धिजीवियों से विचार-विमर्श कर शहर की सुंदरता और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उन्होंने एक मास्टर प्लान तैयार किया है।
इस प्लान के अनुसार—
15 पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।
रेहड़ी संचालकों के लिए 16 स्थान तय किए गए हैं।
खाने-पीने का सामान बेचने वालों के लिए 20 स्थल चुने गए हैं।
ऑटो रिक्शा चालकों के लिए 28 स्टैंड और 75–80 स्टॉपेज का प्रस्ताव है।
इसके अतिरिक्त इस मास्टर प्लान में—
अतिक्रमण हटाने,
बेसहारा पशुओं की समस्या,
ऑटो मार्किट का नियमन,
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों के चिन्हित स्थान,
सड़कों की मरम्मत,
मार्ग अवरुद्ध करने वाले बिजली पोल व ट्रांसफॉर्मर हटाने,
तथा शहर की बाहरी “फिरनी रोड” के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
बियानी ने कहा कि यदि उपायुक्त चाहें तो वे उनके समक्ष यह प्लान विस्तार से रख सकते हैं। संबंधित अधिकारियों की टीम बनाकर चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर जल्द कार्यवाही शुरू की जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्लान पर अमल होने से सिरसा शहर की सुंदरता में चार चाँद लग जाएंगे।
