ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाना सांसद खेल महोत्सव का लक्ष्य : अमीर चंद मेहता
- - खेल महोत्सव के विजेताओं को किया सम्मानित- - खेल महोत्सव के विजेताओं को किया सम्मानित
ऐलनाबाद,सिरसा, 21नवंबर(एम पी भार्गव): जिला सिरसा के गांव जमाल में जारी दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का वीरवार को समापन किया गया। महोत्सव में विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार वितरित किए गए। इस मौके पर मार्केट कमेटी ऐलनाबाद के पूर्व चेयरमैन अमीरचंद मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गांव के सरपंच, ग्रामीण प्रतिनिधि, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में दर्शक शामिल हुए।
पूर्व चेयरमैन अमीरचंद मेहता ने खिलाडिय़ों को सम्मानित करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाना है, ताकि गांव में छिपी खेल प्रतिभाएं जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लगातार ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं, जिससे खिलाडिय़ों को न केवल मंच मिल रहा है, बल्कि खेलों के प्रति युवाओं का मनोबल भी बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए ऐसी गतिविधियों का लगातार आयोजन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल से युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हैं और अनुशासन, मेहनत व टीम भावना के साथ आगे बढ़ते हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों से नियमित अभ्यास करने तथा अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महोत्सव में कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट खेलों की प्रतियोगिताएं करवाई गईं जिसमें आस-पास के गांवों के खिलाडिय़ों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने विजेता टीमों और खिलाडिय़ों को ट्रॉफी, मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भूराराम डूडी, नंदलाल बेनीवाल, सीएम एमिनेंट सिटीजन धीरज तनेजा, मार्केट कमेटी सदस्य नरेश गिजवानी, विशाल टुटेजा सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
