मोदीनगर के मोहम्मदपुर कदीम में फिर विवादों में प्रधान पति, गांव वालों ने लगाया सरकारी सामान बेचने का गंभीर आरोप
मोदीनगर (गाज़ियाबाद), 6 अगस्त। तहसील मोदीनगर के अंतर्गत आने वाला गांव मोहम्मदपुर कदीम एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार गांव के लोगों ने प्रधान पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने विधायक निधि से बनी सड़क को उखड़वा कर उसमें लगे लोहे के चैनल कबाड़ी को बेच दिए।
गांववालों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी प्रधान पति पर दलित पट्टेदारों की जमीन पर कब्जा कर मकान बनाने का आरोप लग चुका है, जिसकी जांच तो हुई लेकिन कार्यवाही नहीं हो पाई। अब फिर से सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और उसका दुरुपयोग कर आर्थिक लाभ उठाने का मामला सामने आया है।
विधायक निधि से बनी सड़क उखाड़ दी गई
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में विधायक निधि से बनाई गई एक सड़क को बिना किसी ठोस कारण के उखाड़ कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया, जबकि सड़क पूरी तरह से दुरुस्त थी। इसके साथ ही नालियों पर पहले से लगे लोहे के चैनल भी उखाड़ कर बेच दिए गए। गांववासियों का कहना है कि इन चैनलों को कबाड़ी को बेचकर रुपयों का बंदरबांट किया गया है।
ट्रांसफॉर्मर का सामान प्रधान के घर में!
मामला यहीं नहीं थमता। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बिजली के ट्रांसफॉर्मर से संबंधित सामान भी प्रधान के घर में पड़ा मिला है। अब यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह सामान प्रधान पति ने स्वयं खरीदा है या बिजली विभाग के किसी कर्मी द्वारा चोरी कर लाया गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि इस सामान को भी जल्द कबाड़ में बेचने की योजना है।
वीडियो सबूत भी सौंपा गया
गांव वालों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर मीडिया और प्रशासन को सौंपा है, ताकि मामले की पारदर्शी जांच हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन अब भी आंखें मूंदे बैठा रहा, तो एक दिन “प्रधान पति पूरे गाँव को बेच खाएगा और किसी को खबर तक नहीं लगेगी।”
जिलाधिकारी से कड़ी कार्यवाही की मांग
गांव वालों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रधान पति के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए और सरकारी संसाधनों की लूट पर रोक लगे। गांव में गुस्सा और असंतोष का माहौल है, और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो यह मामला और भी उग्र रूप ले सकता है।
अब देखना यह है कि क्या जिला प्रशासन इस बार भी प्रधान पति की करतूतों पर चुप्पी साधेगा या जनता की आवाज़ को सुनकर ठोस कार्यवाही करेगा।
