मोदीनगर: शहीद नितिन नेहरा की स्मृति में बनेगा “स्मृति द्वार”, मातृभूमि सेवा संघ ने सौंपा ज्ञापन

मोदीनगर। मातृभूमि सेवा संघ ने आज नगर पालिका परिषद मोदीनगर को ज्ञापन सौंपकर ग्राम बेगमाबाद निवासी वीर शहीद बीएसएफ जवान स्व. नितिन नेहरा जी की स्मृति में स्मृति द्वार और प्रतिमा स्थल निर्माण की मांग रखी।

ज्ञापन मिलने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद वैशाली ने आश्वासन दिया कि बेगमाबाद में शहीद नितिन नेहरा जी के नाम से स्मृति द्वार का निर्माण जल्द ही कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियाँ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं और नगर पालिका इस दिशा में हर संभव सहयोग करेगी।

इस मौके पर मातृभूमि सेवा संघ के अध्यक्ष विकास भारतीय ने कहा कि राष्ट्र के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों का स्मरण केवल श्रद्धांजलि नहीं बल्कि युवाओं में देशभक्ति का संचार करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि शहीद नितिन नेहरा जी की स्मृति में बनने वाला स्मृति द्वार आने वाली पीढ़ियों को सदैव यह संदेश देगा कि देश सर्वोपरि है।

इस अवसर पर संघ से जुड़े बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें विकास भारतीय, नीरज शर्मा, खुशाल नेगी, लोकेश ढोडी, भव्य सिसोदिया, तेजा सिंह, आशुतोष सक्सेना, पवन चौधरी, सिद्धार्थ ठाकुर और राजीव सैन शामिल रहे।

यह स्मृति द्वार न सिर्फ शहीद नितिन नेहरा की शौर्य गाथा का प्रतीक बनेगा बल्कि युवाओं को राष्ट्रप्रेम और बलिदान की प्रेरणा भी देगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.