मोदीनगर: सुशासन ग्राम चौपाल में विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सैदपुर हुसैनपुर डीलना में आयोजित “सुशासन ग्राम चौपाल / ग्रीन चौपाल – प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी शिकायतें एवं सुझाव प्राप्त किए और उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत कार्ड सहित अन्य योजनाओं—का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना से वंचित न रहने दिया जाए और आवेदन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्वच्छता, आवास, पेंशन एवं स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिन पर अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्राम चौपाल में उपस्थित अधिकारियों ने समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।
ग्रामीणों ने ग्राम चौपाल के माध्यम से सीधे संवाद की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।
