मोदीनगर: बेगमाबाद में कब्रिस्तान के नाम पर कब्जाई गई जमीन की प्रशासन ने कराई पैमाइश, एसडीएम के आदेश पर हुई कार्रवाई
गाज़ियाबाद/मोदीनगर। मोदीनगर तहसील क्षेत्र के बेगमाबाद बुदाना (बाहर) स्थित बड़ी मस्जिद कमेटी द्वारा कथित तौर पर कब्रिस्तान के नाम पर सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम मोदीनगर के आदेश पर नगर पालिका परिषद मोदीनगर और तहसील प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से पैमाइश की।
यह कार्रवाई खसरा संख्या 1014, 1015, 1016, 1017, 1018 में दर्ज भूमि पर की गई, जहां मस्जिद और उससे सटे कब्रिस्तान स्थित हैं। बेगमाबाद पीर मोहल्ले के स्थानीय निवासियों और विभिन्न हिंदू संगठनों — विश्व हिंदू सनातन वाहिनी, सत्य सनातन हिंदू वाहिनी, हिंदू जागरण मंच, बजरंग दल, सुदर्शन राष्ट्र निर्माण फाउंडेशन आदि — ने इस संबंध में एसडीएम मोदीनगर को ज्ञापन सौंपा था।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया था कि बड़ी मस्जिद कमेटी द्वारा कब्रिस्तान के नाम पर सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया है और वहां पक्के निर्माण किए जा रहे हैं। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जमीन को कब्जा मुक्त कराकर नगर पालिका परिषद को हस्तांतरित किया जाए।
इस पर एसडीएम मोदीनगर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तहसील व नगर पालिका अधिकारियों को स्थल की पैमाइश करने के निर्देश दिए।
एसडीएम का कहना है कि विवादित भूमि की फसली वर्ष 1359 के अभिलेखों के आधार पर जांच कर उचित निर्णय लिया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि यह भूमि बंजर थी, जहां पहले गांव के लोग कुड़ी डाला करते थे।
पैमाइश के दौरान मौजूद प्रमुख लोग:
जितेन्द्र उज्वल, राज वर्मा, पंकज कंसल, नीरज शर्मा, सागर, कृष्णपाल सिंह, सुखबीर सिंह, एडवोकेट अरुण चौधरी, मधुर नेहरा, शुभम शर्मा, प्रशान्त शर्मा, डॉक्टर सागर कुमार, बंटी, हराजन, निर्दोष एडवोकेट, विनोद, विकास चौधरी, बब्लू चौधरी, अंकित सहित सैकड़ों ग्रामीण कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन निष्पक्ष जांच करे, तो अवैध कब्जे की सच्चाई सामने आ जाएगी। अब सभी की नजरें प्रशासनिक जांच और निर्णय पर टिकी हुई हैं।
