भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच 7 मई को देशभर में मॉक ड्रिल: एयर रेड सायरन से लेकर ब्लैकआउट तक की तैयारी

244 जिलों में होगी मॉक ड्रिल, गृह मंत्रालय ने जारी किए निर्देश

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले (जिसमें 26 लोगों की जान गई) की पृष्ठभूमि में, केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने 7 मई 2025 को देशभर के 244 चिन्हित सिविल डिफेंस जिलों में व्यापक मॉक ड्रिल (अभ्यास) आयोजित करने का आदेश दिया है।

गृह मंत्री ने राज्यों को जारी किया पत्र
5 मई को केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को भेजे गए पत्र में कहा गया कि यह अभ्यास सिविल डिफेंस तंत्र की तत्परता को परखने और मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
पत्र में कहा गया, “वर्तमान भू-राजनीतिक परिदृश्य में नए और जटिल खतरे सामने आए हैं, इसलिए सिविल डिफेंस की तैयारियों को हर समय उच्च स्तर पर बनाए रखना आवश्यक है।”

अभ्यास का उद्देश्य: किस चीज की होगी जांच?

  • एयर रेड वॉर्निंग सायरन की कार्यप्रणाली का परीक्षण
  • भारतीय वायुसेना से हॉटलाइन और रेडियो संपर्क की जांच
  • नागरिकों और छात्रों को हमले की स्थिति में आत्म-सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण
  • ब्लैकआउट की व्यवस्था सुनिश्चित करना
  • संवेदनशील प्रतिष्ठानों की कैमोफ्लाजिंग (छिपाने) की तैयारी
  • निकासी योजना (evacuation plan) का अद्यतन और अभ्यास
  • सिविल डिफेंस सेवाओं जैसे वार्डन, फायर फाइटिंग, रेस्क्यू ऑपरेशन और डिपो प्रबंधन की प्रतिक्रिया क्षमता की जांच

प्रधानमंत्री की उच्चस्तरीय बैठक के बाद लिया गया निर्णय
यह फैसला तब लिया गया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में हुई उच्चस्तरीय बैठक में पहलगाम हमले के बाद भारत की प्रतिक्रिया रणनीति पर चर्चा की। बैठक में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने भी प्रधानमंत्री को सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.